UP

युवक की नौकरी से पहले हादसे में मौत

हाथरस, 07 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के हाथरस में कोतवाली सदर क्षेत्र में आगरा रोड पर हुए एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक गौरव उर्फ सचिन की मौत हो गई। मृतक संगीला, थाना हाथरस गेट का निवासी था। गौरव उर्फ सचिन गांव में खेती-बाड़ी का काम करता था। हाल ही में उसका सरकारी नौकरी में चयन हो गया था, लेकिन अभी उसकी जॉइनिंग नहीं हुई थी।

जानकारी के अनुसार, गौरव उर्फ सचिन कल अपने घर से बाइक से हाथरस आया था। वापस लौटते समय कल रात्रि में किसी ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। वे उसे उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे, तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव को हाथरस वापस ले आए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक अविवाहित था। घटना के बाद उसके परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।