बीएचईएल : आईपी आउटर केसिंग रवाना किया
हरिद्वार, 11 अप्रैल । भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार ने अदाणी पावर लिमिटेड के 800 मेगावाट क्षमता के रायपुर (छत्तीसगढ़) सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की यूनिट-1 के लिए आईपी आउटर केसिंग का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। बीएचईएल के निदेशक (ई., आर एंड डी) एस. एम. रामनाथन ने हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार के साथ हरी झंडी दिखाकर केसिंग को रायपुर के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर रामनाथन ने कहा कि बीएचईएल देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार की परियोजनाएं ‘मेक इन इंडिया’ पहल को और मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि आईपी आउटर केसिंग का डिस्पैच न केवल एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि है, बल्कि यह बीएचईएल की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और गुणवत्ता का भी प्रमाण है।
हरिद्वार इकाई के प्रमुख रंजन कुमार ने 38,367 किलोग्राम वजनी इस केसिंग के निर्माण से जुड़े अभियंताओं, पर्यवेक्षकों एवं तकनीशियनों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के अथक प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है।
इसी श्रृंखला में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में एस. एम. रामनाथन ने ब्लॉक-3 में स्थापित 30/5 टन क्षमता और 31.5 मीटर स्पैन वाली डबल गर्डर ईओटी क्रेन का लोकार्पण भी किया।
इस क्रेन की परिकल्पना हरिद्वार इकाई ने की थी और इसे बीएचईएल की जगदीशपुर इकाई द्वारा डिजाइन व निर्मित किया गया है। इस क्रेन से न केवल टरबाइन शॉप और सक्षम बनी है, बल्कि जगदीशपुर इकाई को भी ईओटी क्रेन को, एक उत्पाद के रूप में विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
इन अवसरों पर महाप्रबंधक (डब्ल्यूई एंड एस) जे. के. पुंडीर, महाप्रबंधक (वाणिज्यिक) दिनेश सिंह व महाप्रबंधक (टरबाइन) एन. पी. रॉय सहित अन्य महाप्रबंधक गण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
————–

