UP

कानपुर में पिता ने जुड़वा बेटियों को मार डाला

कानपुर, 19 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रविवार को एक व्यक्ति ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि किदवई नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले शशि रंजन मिश्रा पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी रेशमा, 11 वर्षीय जुड़वा बेटियां रिद्धि और सिद्धि के अलावा छह वर्षीय बेटा गन्नू हैं। दोनों बेटियां पास के मदर टेरेसा स्कूल में कक्षा पांच की छात्राएं थीं, जबकि बेटा यूकेजी में पढ़ता है।

घटना की जानकारी तब हुई जब पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे में खून फैला हुआ था और दोनों बच्चियों के शव वहीं पड़े थे। आरोपित पिता पास ही बैठा मिला, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद सामने आया है। आरोपित की पत्नी ने बताया कि वह सिलीगुड़ी की रहने वाली और एक मेंस पार्लर में काम करती थी। वहां पर उसकी मुलाकात शशि रंजन से हुई थी। दोनों ने वर्ष 2014 में प्रेम विवाह किया था।

आराेप है कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता और उस पर शक करता था। उसने घर में सीसीटीवी कैमरे तक लगवा रखे थे। वह अक्सर कहता था कि पत्नी बेटे को लेकर अलग हो जाए और वह बेटियों को अपने पास रखेगा। शनिवार रात सभी ने एक साथ में खाना खाया और फिर सोने चले गए। पत्नी बेटे के साथ अलग कमरे में थी, जबकि आरोपित दोनों बेटियों के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। सुबह उठने पर उसने देखा कि दोनों बच्चियों की हत्या हो चुकी थी और आरोपित कमरे में मौजूद था।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने बताया कि आरोपित ने अपनी दो बेटियों की हत्या की है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।———-