विदिशाः मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह, 152 विवाह और 48 निकाह संपन्न
विदिशा, 19 अप्रैल । मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में रविवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा के मार्गदर्शन में कुल 200 जोड़ों का वैवाहिक बंधन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर 152 जोड़ों का विधिवत हिंदू रीति-रिवाज से विवाह तथा 48 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुसार सम्पन्न हुआ।
कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने शुभाशीर्वाद देते हुए उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को शासन की योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता एवं आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की गई। आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जहां प्रशासन द्वारा भोजन, पानी, आवास और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सामाजिक सहयोग प्रदान करना एवं सरल, सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विवाह के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है , जिससे परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक भार कम होता है। साथ ही, इस तरह के सामूहिक आयोजनों से सामाजिक समरसता और सौहार्द का संदेश भी प्रसारित होता है। कार्यक्रम के अंत में नवदंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

