Haryana

जींद : घर में लगी आग से चार पशु झुलसे, लाखों का नुकसान

जींद, 29 अप्रैल । गांव शाहपुर में मंगलवार रात को एक घर में आग लग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक मकान मालिक के चार पशु झुलस चुके थे। जिससे पशु पालक को लाखों रुपये का नुकसान है। गांव के लोगों ने मामले की सूचना उचाना कलां के विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री को दी। विधायक ने तुरंत प्रभाव से उचाना के एसडीएम रमित यादव को मौका निरीक्षण करने के निर्देश दिए। विधायक के निर्देशानुसार बुधवार को उचाना एसडीएम ने शाहपुर गांव में मौके पर पहुुंच कर निरीक्षण कर रिर्पोट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही है।

गांव के सरपंच जयपाल ने बुधवार को उचाना एसडीएम रमित यादव को दी शिकायत में बताया कि गांव के टेकराम के घर मंगलवार रात को अचानक आग लग गई। आसपास के लोगोंं ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक घर में बंधी तीन भैंस तथा एक गाय झुलसने के अलावा घर में रखा काफी समान जल गया। गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से उक्त व्यक्ति को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

उचाना एसडीएम रमित यादव ने बताया कि घर में लगी आग की सूचना पर उन्होंने शाहपुर गांव पहुंच कर मौके का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान आग से तीन भैंस तथा एक गाय झुलस गई हैं। आग के कारणों की जांच कर रिर्पोट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।