Punjab

राष्ट्रपति से 5 मई को मिलेंगे सीएम भगवंत मान

चंडीगढ़, 29 अप्रैल । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि वह 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के मुद्दे को लेकर होगी। मान ने पहले राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा था ताकि वह पार्टी विधायकों के साथ मिलकर इन सांसदों को “रिकॉल” करने की मांग रख सकें।

मीडिया से बातचीत में मान ने बताया कि राष्ट्रपति ने 5 मई को दोपहर 12 बजे का समय दिया है और वह निश्चित रूप से उनसे मुलाकात करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस प्रतिनिधिमंडल में सभी विधायक शामिल होंगे या नहीं।

गौरतलब है कि 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा था, जब उसके 10 में से 7 राज्यसभा सांसद—राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़कर बीजेपी में विलय कर लिया था।

इस बीच मुख्यमंत्री ने धान की खेती और पानी प्रबंधन को लेकर भी अहम जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि 1 मई से अपग्रेडेड नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। बुधवार को 21,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो 1 मई तक किसानों तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आपूर्ति बागवानी के लिए भी फायदेमंद होगी।

मान ने कहा कि राज्य सरकार नलकूपों पर निर्भरता कम करने के लिए नहरों के पानी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। मार्च 2026 तक नहरों और पाइपलाइनों पर 6,700 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

इसके अलावा भूजल स्तर बढ़ाने के लिए रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं, जिससे 2 से 4 मीटर तक पानी का स्तर बढ़ा है और करीब 21 लाख घन मीटर पानी जमीन में रिचार्ज किया गया है।

धान की बुआई को लेकर भी सरकार ने नया शेड्यूल तैयार किया है। इस बार बुआई 1 जून से शुरू होगी और पूरे पंजाब को चार जोन में बांटा गया है। डायरेक्ट सीडिंग 15 से 31 मई तक होगी, जबकि पडलिंग विधि अपनाने वाले किसानों को 1 जून से पानी मिलेगा। अलग-अलग जिलों में चरणबद्ध तरीके से पानी की आपूर्ति की जाएगी।