MP

मंदसौर : पेट्रोल भुगतान विवाद के बाद युवक लापता, परिजनों ने एसपी से लगाई गुहार

मंदसौर, 02 मई । मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित कोलवा के एक पेट्रोल पंप पर भुगतान को लेकर हुए विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है। 30 अप्रैल की रात हुई मारपीट के बाद से एक युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया, जिससे परिजनों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया है।

ग्राम लीलदा निवासी रानू कुंवर ने आरोप लगाया है कि उनके पति मंगलसिंह को मारपीट के बाद डायल 112 की टीम अपने साथ ले गई थी, लेकिन पुलिस अब इस बात से इनकार कर रही है। परेशान परिजन शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी विनोद कुमार मीना को ज्ञापन सौंपकर युवक की तलाश की मांग की।

बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल की रात करीब 8 बजे कन्हैयालाल नामक व्यक्ति मंगलसिंह को बाइक पर बैठाकर कोलवा स्थित पेट्रोल पंप पर ले गया था। यहां वाहन में पेट्रोल भरवाने के बाद मंगलसिंह भुगतान नहीं कर सके, क्योंकि वे अपना मोबाइल और पर्स घर पर ही भूल गए थे। उन्होंने पंप कर्मचारियों से बाद में भुगतान करने या वाहन वहीं खड़ा रखने की बात कही, लेकिन इसी बात पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने मंगलसिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां खड़ी एक बस में मौजूद कुछ बाराती भी विवाद में शामिल हो गए और उन्होंने भी मारपीट की। घटना में मंगलसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके मुंह से खून निकलने लगा। इस घटना की एक तस्वीर भी सामने आई है।

घटना के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने डायल 112 पर सूचना दी। परिजनों का कहना है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम मंगलसिंह को अपने साथ ले गई थी। हालांकि, जब अगले दिन परिजन नाहरगढ़ थाने पहुंचे, तो पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को थाने लाने से साफ इनकार कर दिया।

थाने से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने नाहरगढ़ अस्पताल और मंदसौर जिला अस्पताल में भी तलाश की, लेकिन युवक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इससे चिंतित परिवार ने अब सीधे पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की है।

फिलहाल मामला रहस्य बना हुआ है और युवक की तलाश जारी है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मंगलसिंह का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।