UP

चित्रकूट जा रहे कार सवारों से मारपीट कर बदमाशों ने की लूटपाट

हमीरपुर, 03 मई । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के किसवाही से चित्रकूट मुंडन कार्यक्रम के लिए जा रहे लोगों पर सुमेरपुर थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव के निकट बदमाशों ने वाहन रोककर महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की और नकदी एवं जेवर आदि छीन कर ले गए। सूचना देने पर पहुंची पीआरवी टीम ने आरोपियों को पकड़ने के बजाय पीड़ितों को ही बंद करने की धमकी देने लगे। पीड़ितों का आरोप है कि थाने पहुंचने पर पुलिस ने मदद करने को बजाय उन्हें भगा दिया।

सिसोलर थाना क्षेत्र के किसवाही गांव निवासी रोहित कुमार ने रविवार को बताया कि अपनी बहन सोमवती एवं चाची राजेश्वरी एवं अन्य रिश्तेदारों के साथ मुंडन कार्यक्रम के लिए वैन से चित्रकूट जा रहे थे। तभी मुंडेरा गांव के निकट कुछ लोगों ने उनको रोक कर मारपीट करने लगे। मारपीट करने से चाची राजेश्वरी की उंगली में गंभीर चोट आई है। जबकि रोहित कुमार सिर सहित कई जगह पर चोटें आई है। रोहित का आरोप है कि मारपीट करने के दौरान बदमाश उसकी जेब में पड़े 30 हजार रुपये छीन लिये ।

वहीं बहन सोमवती ने आरोप लगाया कि हमलावर उसके पर्स में पड़े दो हजार रुपये एवं गले में पहने सोने का मंगलसूत्र व हार छीन कर ले गए। पीड़ितों ने बताया कि फोन करने पर मौके पर आई पीआरवी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की बजाय उन्हें ही धमकाने लगी। वह रात में ही थाने पर आए। थाने में भी पुलिस ने मदद करने की बजाए उन्हें भगा दिया। सुमेरपुर थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने रविवार को शाम बताया कि मामला अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों को पकड़ा जाय़ेगा।