पश्चिम रेलवे ने मसाला ढुलाई में बनाया नया रिकॉर्ड, महेसाणा से असम के लिए पहली रेक रवाना
नई दिल्ली, 07 मई । पश्चिम रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए गुजरात के महेसाणा स्टेशन से मसालों से लदी पहली ‘डीम्ड वीपी रेक’ असम के अजारा स्टेशन के लिए रवाना की है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार छह मई को रवाना की गई इस विशेष मालगाड़ी में 4200 क्विंटल जीरा लोड किया गया। यह रेक पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के रंगिया मंडल स्थित अजारा स्टेशन तक लगभग 2,477 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
कुल 30 बीसीएन वैगनों वाली इस रेक में मसालों के कुल 13,800 पैकेज लोड किए गए, जिनका कुल वजन करीब 4.20 लाख किलोग्राम (420 टन) है। इस माल ढुलाई से रेलवे को 25.28 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।
पश्चिम रेलवे ने इसे अहमदाबाद मंडल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है, क्योंकि इस सेक्टर में पहली बार मसालों की संगठित रेल ढुलाई की गई है।
रेलवे के अनुसार, इस पहल से गुजरात के मसाला उद्योग को पूर्वोत्तर भारत के बाजारों से सीधा संपर्क मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, रेल परिवहन को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल माध्यम के रूप में मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की फ्रेट सेवा से व्यापारियों और निर्यातकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा भविष्य में मसालों और अन्य कृषि उत्पादों की रेल ढुलाई की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
पश्चिम रेलवे ने कहा कि अहमदाबाद मंडल भविष्य में भी व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

