जबलपुरः जिला अदालत परिसर में पेशी पर आए बदमाश के पास मिला बटनदार चाकू
जबलपुर, 07 मई । मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला अदालत परिसर में गुरुवार को पेशी पर आए एक बदमाश के पास से पुलिस ने बटनदार चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी प्रेम सोनकर को बटनदार चाकू सहित ओमती थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, रांझी निवासी प्रेम सोनकर किसी मामले में पेशी के लिए जिला अदालत पहुंचा था। इसी दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें आरोपी की कमर में छिपाकर रखा गया बटनदार चाकू बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर हथियार के साथ अदालत परिसर के भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
घटना सामने आते ही अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अदालत के भीतर हथियार क्यों ले जाना चाहता था और उसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।

