रायसेनः हवाई हमलों के दौरान सुरक्षात्मक कार्रवाई का पूर्वाभ्यास मॉकड्रिल आज पुलिस लाईन में
रायसेन, 13 मई । मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय पर आज बुधवार को जिला प्रशासन एवं होमगार्ड आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा हवाई हमलों के दौरान की जाने वाली सुरक्षात्मक कार्यवाही का पूर्वाभ्यास मॉकड्रिल किया जाएगा। यह अभ्यास पुलिस लाइन परिसर रायसेन में रात्रि 7:35 बजे आयोजित होगा।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने बताया कि इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य युद्ध जैसी आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम और आम नागरिकों की तत्परता को जांचना है। मॉकड्रिल की मुख्य विशेषताएं प्रतीकात्मक ब्लैक आउट अभ्यास के दौरान प्रतीकात्मक रूप से ब्लैक आउट की कार्यवाही की जाएगी। जिसमें बिजली बंद कर अंधेरा रखा जाता है, ताकि हवाई हमले के समय शहर की पहचान छुपाई जा सके।
इसके साथ ही बचाव कार्य का प्रदर्शन, हमले के दौरान घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना, मलबे से रेस्क्यू करना और प्राथमिक उपचार देने का सजीव चित्रण किया जाएगा। जन-जागरूकता/प्रशासनिक समन्वय आम नागरिकों को यह सिखाना कि आपातकाल में सायरन बजने पर उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं। साथ ही जिसमें जिला प्रशासन, होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन, पुलिस, चिकित्सा विभाग, विद्युत विभाग, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य स्थानीय निकाय का समन्वय रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक प्रतीकात्मक अभ्यास मॉकड्रिल है। पुलिस लाइन परिसर और आसपास के नागरिक सायरन की आवाज या भारी हलचल देखकर घबराएं नहीं। प्रशासन ने आमजन से इस अभ्यास के दौरान सहयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा तैयारियों का अभ्यास ही वास्तविक संकट के समय जन-धन की हानि को कम करने का एकमात्र उपाय है। इस मॉकड्रिल के माध्यम से हमारी टीमें अपनी प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक मजबूत करेंगी।

