Delhi

क्विंटन डी कॉक और राज अंगद बावा आईपीएल 2026 से बाहर

नई दिल्ली, 19 मई । मुंबई इंडियंस को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के अंतिम चरण में बड़ा झटका लगा है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है और अब टीम को अपने बाकी दो मुकाबलों में इन दोनों खिलाड़ियों की सेवाएं नहीं मिलेंगी।

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले बाएं हाथ की कलाई में टेंडन चोट लगी थी। वहीं चंडीगढ़ के युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच के दौरान दाएं अंगूठे में लिगामेंट चोट आई।

मुंबई इंडियंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों खिलाड़ी फिलहाल अपने घर पर रहकर चोट से उबर रहे हैं। टीम प्रबंधन आईपीएल के नियमों के अनुसार जल्द ही उनके विकल्पों की घोषणा करेगा।

क्विंटन डी कॉक ने इस सीजन मुंबई के लिए आखिरी मैच 23 अप्रैल को खेला था। उन्होंने तीन पारियों में 132 रन बनाए, जिसमें पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 112 रन की शानदार पारी शामिल रही।

वहीं 23 वर्षीय राज अंगद बावा ने इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए तीन मुकाबले खेले। पूर्व अंडर-19 भारतीय खिलाड़ी बावा पिछले सीजन में भी तीन मैचों में नजर आए थे।

मुंबई इंडियंस फिलहाल अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। टीम ने 12 मैचों में सिर्फ चार जीत हासिल की हैं और उसका नेट रन रेट -0.504 है। मुंबई को अब अपने आखिरी दो मुकाबले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 20 मई को कोलकाता में और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 24 मई को मुंबई में खेलने हैं।