MP

जेपी अस्पताल में एएनएम अभ्यर्थियों का रातभर धरना, कोर्ट से जीत के बाद भी जॉइनिंग नहीं, महिलाओं में भारी आक्रोश

भोपाल, 20 मई । मध्य पदेश की राजधानी भोपाल के तुलसी नगर स्थित जयप्रकाश (जेपी) हॉस्पिटल परिसर में एएनएम अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को दिनभर प्रदर्शन करने के बाद भी 20 से 25 महिला अभ्यर्थी रातभर धरने पर डटी रहीं। भीषण गर्मी और खुले आसमान के नीचे महिलाओं का देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

धरने पर बैठीं महिलाओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका साफ कहना है कि जब तक नियमित नियुक्ति (जॉइनिंग) नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।

कोर्ट से फैसला पक्ष में, फिर भी नियुक्ति अधर में

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 में एएनएम के नियमित पदों के लिए आवेदन किया था। भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर मामला कोर्ट तक पहुंचा, जहां फैसला उनके पक्ष में आया। इसके बावजूद अब तक उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई है। धरने में शामिल अभ्यर्थी ममता हिरवे ने बताया कि इससे पहले भी कई बार आंदोलन किए जा चुके हैं। यहां तक कि 9 दिन का आमरण अनशन भी किया गया था। उस दौरान अधिकारियों ने जल्द जॉइनिंग देने का आश्वासन दिया था, लेकिन 9 महीने बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

“सिर्फ आश्वासन मिल रहा, हक नहीं”

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा जारी की जा रही सूचियां महज औपचारिकता बनकर रह गई हैं। बार-बार उन्हीं अभ्यर्थियों के नाम दोहराए जा रहे हैं, जिनकी नियुक्ति पहले ही हो चुकी है, जबकि वर्षों से संविदा पर काम कर रहीं और कोविड काल में सेवाएं दे चुकी महिलाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें सिर्फ “आश्वासन का लॉलीपॉप” दिया जा रहा है और कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है। इसी वजह से अब वे आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

प्रशासन पर बढ़ा दबाव

रातभर जारी रहे इस धरने ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। ऐसे में संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र हो सकता है।