MP

रीवाः जल जीवन मिशन की जिला स्तरीय कार्यशाला आज, उप मुख्यमंत्री शुक्ल होंगे मुख्य अतिथि

रीवा, 29 मई । मध्य प्रदेश के रीवा में आज शुक्रवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत एकल एवं समूह नल जल योजनाओं के सुचारू संचालन और प्रबंधन को लिए जिला स्तरीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला जल स्वच्छता समिति रीवा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सिरमौर चौराहा स्थित कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में होगा।

जनसम्पर्क अधिकारी एसपी शुक्ल ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनपद रीवा और जनपद रायपुर कर्चुलियान की एकल योजनाओं के हस्तांतरण तथा कंदैला समूह योजना के तहत संबद्ध ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया को पूरा करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा एवं लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री राजेंद्र शुक्ल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद जनार्दन मिश्रा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक नागेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल तथा संभागायुक्त बीएस जामोद मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही कलेक्टर एवं जिला जल स्वच्छता समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक संचालित किया जाएगा। जिला जल स्वच्छता समिति रीवा ने संबंधित क्षेत्रों के सभी सम्बद्ध सरपंचों, सचिवों और गणमान्य नागरिकों से इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।