MP

नरसिंहपुरः विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में हरियाली महोत्सव के तहत हुआ पौधारोपण

नरसिंहपुर, 05 जून । मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरियाली महोत्सव के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने बरमानकलां में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार है, जो हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। वृक्ष और समृद्ध जैव विविधता ही मानव जीवन को सुरक्षित और सुखमय बनाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बन गई है। इस अवसर पर विधायक पटेल ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

कलेक्टर रजनी सिंह ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन हम प्रतिवर्ष की तरह पौधरोपण का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि पर्यावरण की रक्षा के लिए जन सहभागिता से 5 जून से पौधरोपण करने का अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक संचालित होगा। इस दौरान पौधरोपण, स्वच्छता, पर्यावरण, जल संरक्षण प्राकृतिक खेती और शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा। इस अभियान के दौरान नदी, नालों, तालाबों और जल स्रोतों की साफ- सफाई की जाएगी, जिससे जल स्रोत संरक्षित हो सके।

कलेक्टर ने कहा कि नरसिंहपुर जिले को मां नर्मदा जी की कृपा मिली है, यहां की भूमि उपजाऊ है। इस उपजाऊ भूमि में पौधरोपण का कार्य जरूर करें। उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि धान, गेहूं, सोयाबीन, मूंग की खेती के साथ- साथ फलदार खेती भी करें। किसान अपनी खाली पड़ी जमीन या खेतों की मेढ़ों में पौधरोपण करें। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों के किनारे पौधरोपण करना अनिवार्य है। नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों की मिट्टी का कटाव होने से प्रतिवर्ष मिट्टी कटकर नर्मदा नदी में प्रवाहित हो जाती है। नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में पौधरोपण करने से मिट्टी का कटाव रूकेगा और भूमि की उर्वरकता-क्षमता बढ़ेगी।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति नीलेश काकोड़िया, जनपद पंचायत करेली की अध्यक्ष प्रतिज्ञा परिहार और जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र नागेश ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिवाजी व शक्ति क्लब बरमान के वालेंटियर्स, स्वैच्छिक, धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वसहायता समूह की महिलाएं सहित गणमान्य नागरिक के साथ साथ मानद पशु कल्याण प्रतिनिधि भागीरथ तिवारी अधिमान्य पत्रकार जीवेश चौरसिया आदि उपस्थित मौजूद थे। सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों और स्वैच्छिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पर्यावरण का संदेश देते हुए आम, जामुन सहित फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।