नेपाल में हिंदू स्वयंसेवक संघ के 15 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन
काठमांडू, 06 जून । नेपाल में हिंदू स्वयंसेवक संघ के 15 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं नेपाल के पूर्व पुलिस महानिरीक्षक अच्युतकृष्ण खरेल ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण वर्ग में अर्जित ज्ञान को अपने मन, वचन और कर्म में उतारें तथा उसे व्यवहारिक जीवन में लागू करें।
काठमांडू के संजीवनी माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए खरेल ने कहा कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र धर्मनिरपेक्ष नहीं हो सकते। प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करना चाहिए, धर्म से विचलित नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं हिंदू स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय प्रचारक वेद प्रकाश ने कहा कि हिंदू समाज को अपेक्षा है कि संस्कारित युवा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को संगठित करेंगे। संघ इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी बसंत कुमार श्रेष्ठ ने की।
इस प्रशिक्षण वर्ग के आज औपचारिक समापन के बाद रविवार सुबह दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके साथ यह प्रशिक्षण वर्ग पूर्ण रूप से संपन्न हो जाएगा। इसके बाद सभी प्रशिक्षणार्थी अपने-अपने घरों को लौट जाएंगे।
21 मई से आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में देशभर के 56 जिलों के कुल 250 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। नेपाल में कुल 76 जिले हैं।
समापन समारोह के प्रारंभ में शिक्षार्थियों ने वर्ग में सीखे गए घोष, निःयुद्ध, दंड संचालन, योग तथा अन्य कौशलों का प्रदर्शन किया।
वर्ग में 30 मई को धुलिखेल नगर की माताओं के हाथों ‘मातृभोजन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीन जून को पारंपरिक घोष एवं अन्य वाद्य यंत्रों की धुन पर धुलिखेल नगर में पथसंचलन भी निकाला गया था।
संघ के मुताबिक इस आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में माकजु समाज कल्याण संघ के महासचिव चुनियालाल माकजु श्रेष्ठ ने वर्ग संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा धुलिखेल समाज नेपाल के महासचिव एवं माकजु समाज कल्याण संघ के उपाध्यक्ष गयानाथ माकजु श्रेष्ठ ने प्रशिक्षण वर्ग के प्रमुख संरक्षक के रूप में विशेष योगदान दिया।
———–

