Uttarakhand

कैंची धाम में ड्यूटी में शराब पीने और अभद्रता के आरोप में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

नैनीताल, 14 जून । नैनीताल जनपद में कैंची धाम के स्थापना दिवस पर आयोजित मेले की ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और एक युवती से अभद्र व्यवहार की घटना सामने आयी। इस मामले में स्थानीय लोगों ने रात्रि में पुलिस चौकी में हंगामा कर आरोपित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

मामले में नैनीताल पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आपराधिक एवं विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार के आपराधिक आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उधमसिंहनगर जनपद के थाना केलाखेड़ा में तैनात अपर उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद तथा थाना गदरपुर में तैनात वरिष्ठ आरक्षी जितेंद्र कुमार कैंची धाम मेले की ड्यूटी पर आए हुए थे। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी रात्रि विश्राम के दौरान एक होमस्टे में ठहरे थे, जहां उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन किया तथा नशे की अवस्था में होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ की।

इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों और परिजनों के साथ अभद्रता एवं मारपीट किए जाने की शिकायत भी सामने आई।

सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। स्थानीय लोगों की उपस्थिति और वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

नैनीताल पुलिस से प्र्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है तथा निलंबन के साथ कठोरतम विभागीय कार्रवाई, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी तक की प्रक्रिया शामिल है, शुरू की जा रही है। इस संबंध में दोनों पुलिसकर्मियों के मूल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को भी रिपोर्ट भेजी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और आपराधिक कृत्य अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, नशाखोरी या किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर नैनीताल की ओर जाने वाले वाहनों के लिये कालाढुंगी से लेकर काठगोदाम और रानीबाग में सुबह से ही भारी संख्या में तैनात पुलिस एवं सुरक्षा बलों के द्वारा अत्यधिक सतर्कता बरती जा रही है।

श्रद्धालुओं को हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भवाली व खैरना आदि स्थानों से टोकन सिस्टम के साथ शटल वाहनों के माध्यम से कैंची धाम से पहले वन विभाग के बैरियर तक भेजा और वहां से वापस छोड़ा जा रहा है। श्रद्धालुओं को वन विभाग के बैरियर से कैंची धाम मंदिर तक लगभग डेढ़ किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है।