जनकल्याण शिविर में गूंजी सरकारी योजनाओं की जानकारी, पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
मीरजापुर, 15 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा और सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को मीरजापुर जिले में भाजपा की ओर से चुनार स्थित नरायनपुर ब्लॉक मुख्यालय सभागार में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के जिलामंत्री डॉ. विजय कुमार सिंह, नरायनपुर मंडल अध्यक्ष एवं चन्द्रशेखर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य, महिला कल्याण, कृषि एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं के लाभ और पात्रता संबंधी जानकारी साझा करते हुए आमजन से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में बाल विकास विभाग की ओर से मुख्य सेविका संतोषी देवी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषण जागरूकता स्टॉल लगाया। स्टॉल पर बाजरा, सहजन पत्ती, भिंडी, केला, चौराई और चना सहित पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूर्णिमा देवी ने महिलाओं को स्वस्थ मातृत्व और बेहतर पोषण के लिए इन खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन के महत्व की जानकारी दी।
अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और प्रदर्शित सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभागीय प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिलती है।
इस अवसर पर चुनार मंडल अध्यक्ष मंगरु साहनी, सर्वेश पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदलाल केशरी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, कृषि, कृषि रक्षा, सहकारिता, समाज कल्याण एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

