MP

देवास: अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, ट्रेन चोरी का शातिर आरोपित भी गिरफ्तार

उमरिया, 16 जून । मध्य प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मध्य प्रदेश पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। देवास पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि जीआरपी इटारसी ने ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की है।

ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत सात आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय चेन चोरी गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पिछले 15 दिनों में आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, भेड़ाघाट और देवास में कुल नौ चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।

देवास में 10 जून को हुई चेन चोरी की घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। तीन दिन के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ सोने की चैनें (करीब 156 ग्राम), एक टाटा हेक्सा कार, छह महंगे मोबाइल फोन, नकदी सहित लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपित मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं और दक्षिण दिल्ली में रहकर देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय थे। गिरोह की महिला सदस्य धार्मिक आयोजनों, भागवत कथा, मेले और शोभायात्राओं में श्रद्धालु बनकर शामिल होती थीं तथा भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चैन चोरी कर लेती थीं।

राजधानी एक्सप्रेस में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में जीआरपी इटारसी ने राजधानी एक्सप्रेस में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला 6 मई का है, जब कर्नाटक निवासी एक यात्री के परिवार का हैंडबैग चोरी हो गया था। बैग में सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, टैबलेट और अन्य सामान रखा हुआ था।

अंकित जायसवाल के निर्देशन में गठित टीम ने भोपाल, रानी कमलापति और इटारसी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज तथा साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन में चोरी की वारदात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन, सैमसंग टैबलेट, 54.3 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र सहित करीब 8.52 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों, मेलों, सार्वजनिक स्थलों और रेल यात्राओं के दौरान अपने कीमती सामान और आभूषणों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।