Rajasthan

राजनीतिक दलों को तोड़कर तानाशाह शासक बनना चाहती है भाजपा: पूनम पासवान

अजमेर, 20 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव राजस्थान सप्रभारी पूनम पासवान ने अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के ब्लाक अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार विपक्ष के राजनीतिक दलों को तोड़कर तानाशाह शासक बनना चाहती है।

पूनम पासवान एच.एस. पैराडाइज कल्याणीपुरा गार्डन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी।

उन्होंने कहा भाजपानीत सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, चाहे वह देश की विदेश नीति और आर्थिक नीति व शिक्षा नीति हो। नीट पेपर लीक को लेकर बच्चों को आत्महत्या करनी पड़ रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री जिम्मेदारी ले नहीं रहे हैं। केंद्र सरकार सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर केवल विपक्ष के राजनीतिक दलों को तोड़ने में लगी हुई है। महंगाई से आम जनता की कमर टूटी हुई है। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को अब कमर कस लेनी चाहिए और घर-घर जाकर भाजपा की विफलताओं और कुनीतियों को आम जनता तक पहुंचना होगा। देश की आम जनता पर प्रतिवर्ष कर्ज का भाग बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कायम कर संगठन की मजबूती के लिए सुझाव मांगे कार्यकर्ताओं को और सतही तौर पर आने वाली परेशानियों को सुना। उन्होंने संगठनात्मक स्तर पर खुले दिमाग से बिना किसी दवाब के संगठन हित में कार्य करने की सलाह दी। प्रदेश सचिव अर्चना सुराणा ने कहा पासवान एक कार्यकर्ता से ही संगठन में कार्य कर इस पद पर पहुंची हैं। वह बिहार से चलकर आपके बीच संगठनात्मक गतिविधियों को देखने और संगठन को बूथ स्तर तक पहुंचाने, आम कार्यकर्ता की पीड़ा को सुनने समझने के लिए ही आपके बीच आई हैं। अजमेर दक्षिण कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर द्रोपदी कोली ने आराेप लगाते हुए कहा कि भाजपा नीत डबल इंजन की सरकार आम गरीब वर्ग का गला घोटने पर लगी हुई है, अब लोगों को समझ में आ गया है कि यह सरकार सिर्फ झूठे और भ्रामक वादे ही करती है।

इस अवसर पर दोनों ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह व लक्ष्मी धोलाखेड़िया , महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल, सेवादल महिला अध्यक्ष पुष्पा राजोरिया, इंद्रावती शुभम ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन ईश्वर राजोरिया ने किया।