राजगढ़ः चोरी का माल रखने व गंभीर मारपीट के मामले में दो साल से फरार आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 23 जून। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोडा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर चोरी का माल रखने व महिला के साथ मारपीट करने के मामले में दो साल से फरार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।
थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने मंगलवार को बताया कि जिले में फरार आरोपितों, स्थायी वारंटियों और गंभीर अपराधों में वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वर्ष 2024 में चोरी का सामान रखने के मामले में आरोपित राजेश पुत्र चंदूलाल सासी, निवासी कड़ियासासी के खिलाफ धारा 411, 414 और 413 के तहत केस दर्ज किया गया था। वहीं महिला के साथ गंभीर मारपीट करने के मामले में आरोपित भगवानसिंह पुत्र गोवर्धन सासी, निवासी ग्राम कड़ियासासी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर 1400-1400 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वहीं चोरी के मामले में सुमेर उर्फ सुखराम पुत्र प्रताप चैरसिया निवासी रोसला को हिरासत में लिया।

