आधे राजस्थान में सक्रिय हुआ मानसून, अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
जयपुर, 04 जुलाई । राजस्थान में मानसून अब रफ्तार पकड़ने लगा है। देरी से पहुंचे मानसून ने राज्य के लगभग आधे हिस्से को कवर कर लिया है। शुक्रवार को जोधपुर, फलोदी, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर और जयपुर सहित कई जिलों में हल्की से तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मानसून की सक्रियता से अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट आई है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा सहित कई शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। हालांकि बीकानेर और जैसलमेर में अभी भी गर्मी का असर बना रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
राजधानी जयपुर में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। टोंक रोड पर करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया, जिससे यातायात बाधित रहा। कई कॉलोनियों और अंडरब्रिज में जलभराव की स्थिति बन गई। सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भी पानी भरने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, जोधपुर, भीलवाड़ा, उदयपुर और अजमेर में अच्छी बारिश हुई। बांसवाड़ा में सड़कें दरिया बन गईं, जबकि भीलवाड़ा में जलभराव से कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। उदयपुर के ऋषभदेव क्षेत्र में देर रात तक तेज बारिश का दौर जारी रहा। जोधपुर में शाम को आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं जैसलमेर के रामदेवरा क्षेत्र में देर शाम तेज रेत का बवंडर भी उठा।
मानसून की शुरुआत के साथ ही बीसलपुर बांध में पानी की आवक शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटे में बांध का जलस्तर 6 सेंटीमीटर बढ़कर 313.56 आरएल मीटर से 313.63 आरएल मीटर हो गया। वर्तमान में बांध में 25.734 टीएमसी पानी है, जो इसकी कुल क्षमता का करीब 66.49 प्रतिशत है। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 13 मिमी वर्षा हुई।
टोंक जिले के मालपुरा, निवाई, नासिरदा और लांबाहरिसिंह क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज हवा के साथ करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से क्षेत्र के कई बांधों और जलाशयों में पानी की आवक शुरू हो गई। पिछले 24 घंटे में प्रतापगढ़ के अरनोद में 47 मिमी, बांसवाड़ा के घाटोल में 41 मिमी, केसरपुरा में 36 मिमी, नागौर में 35 मिमी, टोंक के टोडारायसिंह में 36 मिमी, उदयपुर के वल्लभनगर में 33 मिमी तथा बीकानेर के बज्जू में 27 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, फलोदी और अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
अलवर और कोटा में मानसून की दस्तक के बावजूद अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। दोनों जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और उमस बनी रही। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राजस्थान के अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

