इज़राइल ने स्वीकारा : ईरान युद्ध के दौरान यूएई में तैनात की गई थी आयरन डोम बैटरी
तेहरान/यरूशलेम, 05 जुलाई । पश्चिम एशिया में संघर्ष के बाद शांति वार्ता काे लेकर किए जा रहे प्रयास के बीच इज़राइली सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि ईरान के साथ युद्ध के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में इज़राइल की आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली तैनात की गई थी। इस बयान ने दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को लेकर चल रही चर्चाओं को और तेज़ कर दिया है।
ईरान की सरकारी समाचार मीडिया संगठन प्रेस टीवी व अन्य मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इज़राइल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने सेना के रेडियो स्टेशन गाली तज़ाहल को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि यूएई को बैलिस्टिक मिसाइलों के खतरे से निपटने के लिए इज़राइल का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यूएई ने मिसाइल खतरे की गंभीरता को समझते हुए इज़राइल के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाया है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इससे पहले अमेरिकी मीडिया ने भी इज़राइली सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान के साथ युद्ध की शुरुआत में ही इज़राइल ने यूएई में आयरन डोम सिस्टम के साथ उसे संचालित करने के लिए सैन्यकर्मियों को भेजा था। एक रिपोर्ट के अनुसार, यह निर्णय यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बातचीत के बाद लिया गया था।
रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के दौरान खाड़ी क्षेत्र के कई देशों की भूमि का उपयोग किया गया। इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और अन्य सैन्य लक्ष्यों पर मिसाइल तथा ड्रोन हमले किए।
ईरान पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि जो देश उसके खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई में सहयोग करेंगे, उन्हें वह प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार मानेगा। इसी क्रम में तेहरान ने बहरीन, सऊदी अरब, कतर, यूएई और जॉर्डन से कथित रूप से मुआवज़े की मांग भी की है।

