UP

देवरिया : पुलिस ने स्कॉर्पियो से 612 लीटर अवैध शराब बरामद की, फरार चालक की तलाश जारी

देवरिया, 11 जुलाई । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की श्रीरामपुर थाना पुलिस ने शनिवार को एक स्कॉर्पियो वाहन से 68 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की। शराब बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने शराब से लदे वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना श्रीरामपुर पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन से अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिकटिया पेट्रोल पंप के पास चेकिंग शुरू की। इस बीच वहां पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो (बीआर -26 जेड-0009) को कब्जे में लेकर तलाशी ली। कार से 60 पेटी ‘बन्टी बबली’ ब्रांड एवं 8 पेटी ‘रोमियो राजा’ ब्रांड की अवैध देशी शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कार समेत माल को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

———