Uttarakhand

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के लिए भाजपा ने कसी कमर

देहरादून, 18 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से अपने सभी 22 प्रकोष्ठों की गतिविधियों में तेजी लाने का निर्णय लिया है। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित वर्चुअल बैठक में आगामी संगठनात्मक और जनसंपर्क अभियानों की रणनीति पर मंथन किया गया तथा सभी प्रकोष्ठों को कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इसमें प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक सचिन अग्रवाल, सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक, जिला प्रकोष्ठ संयोजक और सह-संयोजक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में पदाधिकारियों से प्रत्येक कार्यक्रम को अनुशासन, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया गया।

प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने सभी प्रदेश संयोजकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों के प्रभारियों की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करें। साथ ही सभी प्रकोष्ठों को जिला स्तर पर प्रवास कर कार्यशालाओं में तय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने और संगठन की गतिविधियों को गति देने को कहा।

उन्होंने जिला प्रकोष्ठ संयोजकों से मंडल कार्यकारिणी और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार कार्यकर्ताओं के बीच सतत संवाद, बेहतर समन्वय और सक्रिय सहभागिता है। इसी भावना के साथ प्रत्येक प्रकोष्ठ को जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना होगा।

————-