शिमला पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को चंबा से किया गिरफ्तार
शिमला, 20 जुलाई । शिमला पुलिस ने अदालत से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील के दौरान फरार चल रहे दो आरोपियों को चंबा से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शिमला लाकर संबंधित अदालतों में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अदालत के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
शिमला पुलिस के अनुसार पहले मामले में मुनीश कुमार निवासी मझैरना, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के खिलाफ वर्ष 2019 में मारपीट और आपराधिक धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश कर दिया था, लेकिन सुनवाई के दौरान आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए। पुलिस ने सोमवार को उसे चंबा बाजार से गिरफ्तार किया और शिमला लाकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की।
दूसरे मामले में अजय कुमार निवासी रायपुर, तहसील भटियात, जिला चंबा के खिलाफ वर्ष 2018 में घर में घुसने और चोरी के प्रयास से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामला अदालत में विचाराधीन है।
सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार अदालत में अनुपस्थित रहा, जिसके चलते उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए। पुलिस ने बताया कि उसे पहले भी ऐसे ही वारंट की तामील के दौरान गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका था, लेकिन दोबारा अनुपस्थित रहने पर उसके खिलाफ नए वारंट जारी हुए।
शिमला पुलिस के अनुसार आरोपी अजय कुमार वर्तमान में जिला चंबा पुलिस लाइन में आरक्षी के पद पर तैनात है। उसे 19 जुलाई को चंबा बाजार से गिरफ्तार कर शिमला लाया गया है और यहां की कोर्ट नंबर-3 में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि जिला शिमला पुलिस ने कहा है कि कानून सभी के लिए समान है और अदालत के आदेशों की अवहेलना करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

