Haryana

सिरसा: करंट लगने से एक युवक की मौत

सिरसा, 23 जुलाई । जिले के कालांवाली क्षेत्र में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधु के रूप में हुई है जो कि मूल रूप से नेपाल का निवासी था और पिछले लंबे समय से गांव पिपली में रह रहा था। शव का गुरुवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि मधु गांव पिपली में शराब ठेके के साथ आहाता चलाता था। बुधवार देर शाम को अचानक उसे करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

ट्रक चालक-परिचालक चूरापोस्त सहित काबू

पुलिस ने जिला के कालांवाली क्षेत्र से ट्रक चालक व परिचालक को आधा किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। कालांवाली चौकी प्रभारी चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम रोड़ी रोड मंडी कालांवाली में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोगा। जांच के दौरान ट्रक से आधा किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरभजन सिंह व कृष्ण कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने चूरापोस्त व ट्रक को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।