Uttarakhand

योग अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजे आयुष विभाग : मदन कौशिक

देहरादून, 23 जुलाई । प्रदेश के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय आयुष मिशन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योग अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात योग अनुदेशकों को वर्तमान में 250 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से मानदेय दिया जा रहा है। इसे बढ़ाकर 500 रुपये प्रति घंटे किए जाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा जाए।

उन्होंने रुड़की में एलोपैथिक विभाग के पुराने भवन को आयुष विभाग को हस्तांतरित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही हरिद्वार स्थित ऋषिकुल और गुरुकुल आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों के उच्चीकरण के लिए राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रदेश के दो पर्वतीय जिलों में नए आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में अग्रिम कार्रवाई करने को कहा।

मंत्री ने पिरान कलियर में यूनानी चिकित्सालय के लिए नई भूमि उपलब्ध कराने और भवन निर्माण के लिए बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

राष्ट्रीय आयुष मिशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मदन कौशिक ने जाखनीधार स्थित 50 बेड के चिकित्सालय के पुनर्निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों की जांच कराते हुए कार्यदायी संस्था से वसूली योग्य धनराशि वापस लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने पीपलकोटी स्थित जर्जर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के स्टाफ को वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित करने के लिए संबंधित जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करने को कहा। साथ ही आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने और आयुष विभाग में पंचकर्म सहायक, फार्मेसी अधिकारी तथा योग-प्राकृतिक चिकित्सा सहायक पदों पर नियुक्त कार्मिकों को एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र वितरित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने हड़ताल पर रहे कर्मचारी संघ की मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए अधिकांश मांगों पर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु, संयुक्त सचिव महावीर सिंह, निदेशक आर.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।