Uttarakhand

नैनीताल में 15 अगस्त को प्रभात फेरी से लेकर पौधरोपण तक होंगे विविध कार्यक्रम

नैनीताल, 05 अगस्त । नैनीताल जनपद में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को सम्मानित किया जाएगा तथा विद्यालयों में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

बुधवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न स्थानों पर प्रातः 7 बजे प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी।

नैनीताल नगर में प्रभात फेरी मल्लीताल फ्लैट्स मैदान से प्रारंभ होकर तल्लीताल गांधी चौक तक जाएगी। प्रभात फेरी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार दल तैनात रहेगा, जबकि यातायात व्यवस्था पुलिस संभालेगी। इसके बाद प्रातः 9 बजे सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य भवनों में ध्वजारोहण किया जाएगा।

जिलाधिकारी कार्यालय में प्रातः 9.30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद पूर्वाह्न 10 बजे से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा तथा स्वतंत्रता सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उनके परिजनों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त की सायं 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त की प्रातः 6 बजे से लाउडस्पीकरों के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं ऐतिहासिक भवनों को एलईडी प्रकाश से सजाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग न करने तथा मिले हुए ध्वजों के सम्मानजनक निस्तारण के निर्देश भी दिए। बैठक में 8 से 16 अगस्त तक पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम संचालित करने का भी निर्णय लिया गया। नगर निगम, नगर पालिकाओं और वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अपने परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने तथा महानुभावों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य 15 अगस्त से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि स्वतंत्रता दिवस से एक सप्ताह पूर्व विद्यालयों में पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी, निबंध एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित कर अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।