मेसी के संन्यास का फैसला सिर्फ उनका होगा: अर्जेंटीना फुटबॉल प्रमुख
ब्यूनस आयर्स, 08 अगस्त ।
अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष क्लाउडियो “चिकी” तापिया ने कहा है कि दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के संन्यास का फैसला पूरी तरह उन्हीं का होगा। 2026 विश्व कप में मेसी के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए तापिया उन्हें संन्यास के लिए जल्दबाजी में विदा करने के पक्ष में नहीं हैं।
अर्जेंटीना टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में तापिया ने कहा, “यह पूरी तरह और व्यक्तिगत रूप से उनका फैसला है। आपको उन्हें आराम से रहने देना होगा।”
उन्होंने कहा, “2022 में हमें नहीं पता था कि वह 2026 में खेलेंगे या नहीं। उन्होंने कहा था कि वह मैच दर मैच आगे बढ़ेंगे। मुझे लगता है कि हमने विश्व कप में लियो का शानदार, अगर उनका सर्वश्रेष्ठ नहीं तो बेहतरीन रूप देखा है। आपको उन्हें फुटबॉल खेलने का आनंद लेते रहने देना चाहिए और उसके बाद वह वही फैसला करेंगे, जो उन्हें सही लगेगा।”
24 जून को 39 वर्ष के हुए मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की कोई समयसीमा नहीं बताई है। उन्होंने यह भी संकेत नहीं दिया है कि वह इंटर मियामी के लिए और कितने समय तक खेलना जारी रखेंगे।
विश्व कप में मेसी ने फिर दिखाया दम
2022 में अर्जेंटीना को विश्व कप खिताब दिलाने वाले मेसी के लिए 2026 विश्व कप में खेलना भी निश्चित नहीं माना जा रहा था। हालांकि, उन्होंने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ गोल और चार असिस्ट किए।
अर्जेंटीना को पिछले महीने अमेरिका में खेले गए विश्व कप फाइनल में अतिरिक्त समय में स्पेन के हाथों 0-1 से हार का सामना करना पड़ा।
मेसी ने इस विश्व कप के दौरान मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोल के विश्व कप रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि फ्रांस के किलियन एमबापे ने टूर्नामेंट में कुल 22 गोल के साथ मेसी को पीछे छोड़ दिया।
तापिया ने कहा, “लियो का विश्व कप शानदार रहा। हमने इसका बहुत आनंद लिया और हमें गर्व महसूस करना चाहिए। मैंने उनके हर पल का आनंद लिया। इसमें कोई संदेह नहीं कि वह विश्व कप में इस टीम के अगुवा थे। अगर आप उनके विश्व कप का विश्लेषण करें तो मेरे लिए वह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी थे। वह मैच दर मैच रिकॉर्ड तोड़ रहे थे।”
2030 विश्व कप में 43 के होंगे मेसी
अगर मेसी 2030 विश्व कप में खेलते हैं तो स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को में होने वाले इस टूर्नामेंट के दौरान उनकी उम्र 43 वर्ष होगी। अर्जेंटीना, उरुग्वे और पराग्वे भी विश्व कप की शताब्दी के जश्न के तहत एक-एक मैच की मेजबानी करेंगे।
फीफा के अनुसार, विश्व कप मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज गैर-गोलकीपर खिलाड़ी कैमरून के रोजर मिला हैं, जिन्होंने 42 वर्ष और 39 दिन की उम्र में विश्व कप मैच खेला था।
पुर्तगाल के एक और महान खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी इस विश्व कप में 41 वर्ष की उम्र में हिस्सा लिया।

