भाजपा के 13 जिला परिषद एकजुट, तीन और भी संपर्क में : बलबीर वर्मा
शिमला, 12 अगस्त । भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक बलबीर वर्मा ने शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में देरी को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव को टालने और जिला परिषद सदस्यों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। वर्मा ने दावा किया कि भाजपा के समर्थन वाले 13 जिला परिषद सदस्य एकजुट हैं और तीन अन्य सदस्य भी भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने सरकार को चुनौती दी कि अगर कांग्रेस को अपने संख्या बल पर भरोसा है तो वह तत्काल चुनाव की तारीख घोषित करे।
बलबीर वर्मा ने बुधवार को कहा कि चुनाव होने पर जिला परिषद में किसके पास कितना समर्थन है, यह साफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार को अपनी राजनीतिक स्थिति कमजोर होने का अंदेशा है, इसी वजह से चुनाव कराने में देरी की जा रही है। उन्होंने सरकार पर सदस्यों पर दबाव बनाने के लिए सत्ता और प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।
वर्मा ने कहा कि भाजपा के 13 समर्थित जिला परिषद सदस्य इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं। उनके अनुसार, हाईकोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है और 17 अगस्त को मामले में सरकार को अपना पक्ष रखना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जिला परिषद के पदाधिकारियों का चुनाव लंबे समय तक टाला नहीं जा सकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को राजनीतिक सुविधा के अनुसार रोकना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव कराना ही पड़ेगा। यह चुनाव अदालत के निर्देश पर हो या सरकार खुद लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए करवाए, फैसला मतदान से होना चाहिए। वर्मा ने कहा कि अगर कांग्रेस के पास बहुमत है तो उसे चुनाव कराने में डर किस बात का है। चुनाव टालने से सरकार की मंशा को लेकर सवाल और गहरे होंगे।
भाजपा विधायक ने कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का फैसला किसी सरकार की इच्छा से नहीं, निर्वाचित सदस्यों के मतदान से होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 13 समर्थित सदस्य मजबूती से उसके साथ खड़े हैं और तीन अतिरिक्त जिला परिषद सदस्य भी भाजपा के संपर्क में हैं। वर्मा के अनुसार, यही स्थिति कांग्रेस सरकार की बेचैनी का कारण बनी हुई है।
बलबीर वर्मा ने कांग्रेस सरकार से दबाव की राजनीति बंद करने और प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल चुनाव की तारीख घोषित करे और सदस्यों को मतदान का मौका दे। उनके मुताबिक चुनाव होते ही संख्या बल की वास्तविक तस्वीर सामने आ जाएगी।

