सोनीपत:एसीबी की छापेमारी से घबराया एसआई छत से कूदा, गिरफ्तार
राजीनामा कराने के लिए उप निरीक्षक हरिप्रकाश ने बीस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
बाद में आठ हजार रुपये में बात तय हुई। रिश्वत देने से इनकार करने के बाद शिकायतकर्ता
ने एसीबी को सूचना दी।
शिकायत
मिलने पर एसीबी ने आरोपों की पुष्टि की और बातचीत की रिकॉर्डिंग की। इसके बाद रिश्वत
लेने के लिए जाल बिछाया गया। शिकायतकर्ता को आठ हजार रुपये देकर खरखौदा थाने के सामने
स्थित चाय की दुकान पर भेजा गया। वहां उसने चाय दुकानदार राकेश को रकम दी। रकम लेते
ही एसीबी ने राकेश को पकड़ लिया।
एसीबी
के पहुंचने की भनक लगते ही हरिप्रकाश थाना परिसर की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया और नीचे
छलांग लगा दी। अंधेरा होने के कारण वह कुछ देर तक दिखाई नहीं दिया। बाद में जनरेटर
के पीछे दर्द से कराहते मिलने पर पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
एसीबी
ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता के मामले
की जांच पहले सहायक उप निरीक्षक सविता को सौंपी गई थी। उनके अचानक बाहर जाने पर जांच
की जिम्मेदारी हरिप्रकाश को दी गई थी। एसीबी अब सविता की भूमिका की भी जांच करेगी।
हरिप्रकाश
पर वर्ष 2016 में भी रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। उस समय वह राजीव गांधी एजुकेशन
सिटी, राई चौकी का प्रभारी था और उस पर 3500 रुपये मासिक रिश्वत मांगने का आरोप लगा
था। उस मामले में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया
था।

