रक्षाबंधन कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, बच्चियों ने बांधी राखी
देहरादून, 27 अगस्त । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को पटेल नगर स्थित जीआरडी अकादमी द्वारा आयोजित रक्षा बंधन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चियों ने हाथों से स्वयं तैयार की गई राखियां मंत्री जोशी को बांधीं। मंत्री जोशी ने भी बच्चों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषयों, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी अपनी आकांक्षाएं मंत्री गणेश जोशी के साथ साझा कीं। जोशी ने प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों का स्नेह और उनकी मासूम मुस्कान हमेशा मन को ऊर्जा और नई प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी के संकल्प का पर्व है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को पंख देने के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों का मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बच्चों को उपहार भेंट किए।

