Rajasthan

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर किए 50 किलो संदिग्ध मिल्क केक-लड्डू नष्ट

जयपुर, 28 अगस्त । खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को बगरू और दूदू क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों और निर्माण परिसरों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 50 किलो संदिग्ध मिल्क केक और लड्डू मौके पर नष्ट करवाए गए, जबकि विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि दहमी कलां स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से जलेबी और बगरू के शिव शक्ति स्वीट होम से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं श्री सालासर कोटा कचौरी एंड नमकीन भंडार में निरीक्षण के दौरान करीब 50 किलो मिल्क केक और लड्डू संदिग्ध गुणवत्ता के पाए गए। इन्हें नियमानुसार मौके पर नष्ट करवाकर संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। दूदू में अन्नपूर्णा जोधपुर स्वीट्स से मावा, अग्रवाल मिष्ठान भंडार से बेसन बर्फी और जोधपुर मिष्ठान भंडार से मोतीचूर के लड्डू के नमूने लिए गए।

खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए निरीक्षण एवं सैम्पलिंग अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता और मुकेश कुमार शामिल रहे।