अयोध्या : अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर
अयोध्या, 02 सितंबर । उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर स्थित विभिन्न विभागों एवं विश्वविद्यालय से संबद्ध समस्त महाविद्यालयों में स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि को छात्रहित में विस्तारित कर दिया गया है। अब इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 10 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यह आधिकारिक जानकारी कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बुधवार को दी।
उन्होंने बताया कि छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कुलपति के निर्देश व अनुमोदन के क्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य उन सभी पात्र छात्र-छात्राओं को अवसर प्रदान करना है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर सके थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन सुचारु एवं पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देशों के लिए छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर विज़िट कर सकते हैं।
————–

