Rajasthan

अब 10 अक्टूबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

जोधपुर, 02 सितम्बर । आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तारीख बदल दी गई है। अब यह 10 अक्टूबर को आयोजित होगी। पहले राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन प्रदेश में होने वाले 309 नगरीय निकायों के चुनाव के चलते अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्य पीठ, जोधपुर में अब राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर को आयोजित होगी।

राजस्थान हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति जोधपुर के सचिव ने इसकी सूचना जारी की है। बता दे कि राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के आम चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया है। प्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होना है। इसी के चलते प्रदेश में 12 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की तारीख बदलकर 10 अक्टूबर कर दी गई है। लोक अदालत में ऐसे मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिनमें दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद खत्म करने को तैयार हों। इससे लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सकती है और समय और पैसे की भी बचत होगी। कोर्ट में लंबित ऐसे मामलों, जिनमें समझौते की गुंजाइश है, का आपसी सहमति से अंतिम निपटारा करने के लिए अब 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाएगी।