मुरैना: ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को कुचला, दोनों की मौत, हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
मुरैना, 03 सितंबर । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर सेल्टिक्स बैरियर के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दाेनाें की माैके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजस्थान के सैपऊ थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी राजू पुत्र सुघर सिंह परमार (45) और उनकी 14 वर्षीय बेटी सोनिया के रूप में हुई है। दोनों बाइक से धौलपुर में रिश्तेदार के घर जा रहे थे। सेल्टिक्स बैरियर के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिता-पुत्री सड़क पर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज से चालक की तलाश
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्री की मौत हुई है। दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

