Haryana

नूंह: मतदाता सूची पुनरीक्षण में राजनीतिक दल और बीएलए सक्रिय भूमिका निभाएं : अखिल पिलानी

नूंह, 07 सितंबर । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए और अपात्र नामों को हटाने में भी सहयोग किया जाए।

उपायुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को एसआईआर-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए-1 तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, विशेष अभियान तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। अखिल पिलानी ने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक कुल 82,890 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 75,200 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है।

उन्होंने बताया कि नूंह विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 के 1,451, फॉर्म-7 के 23,992 और फॉर्म-8 के 1,880 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 के 2,211, फॉर्म-7 के 22,846 तथा फॉर्म-8 के 2,026 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 के 1,653, फॉर्म-7 के 25,009 तथा फॉर्म-8 के 1,822 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई है, जबकि पात्रता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित है। नए मतदाता का नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवेदनों के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत 12, 13, 26 और 27 सितंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहकर मतदाताओं के दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। अखिल पिलानी ने मतदाता सूची में जारी नोटिसों की सुनवाई एवं उनके निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं के मामलों की नियमानुसार सुनवाई कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए जाएं तथा अंतिम प्रकाशन से पहले सभी प्रविष्टियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।