MP

अनूपपुर: टीटीई का सरकारी सामान से भरा बैग ट्रेन से चोरी, अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार

अनूपपुर, 09 सितंबर । बिलासपुर-चिरमिरी पैसेंजर ट्रेन में ड्यूटी के दौरान टीटीई का शासकीय सामान से भरा बैग चोरी करने वाले अंतरराज्यीय बदमाश को जीआरपी अनूपपुर चौकी पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की रात्रि गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी गया टैबलेट और ईएफटी रसीद बुक सहित शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है।

बर्थ नंबर 17 से पार हो गया था बैग

घटना 16 अगस्त की रात्रि की है बिलासपुर रेल मंडल में पदस्थ टीटीई रविंद्र पांडे ट्रेन संख्या 18257 बिलासपुर-चिरमिरी पैसेंजर के कोच S-3 की बर्थ नंबर 17 पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान किसी अज्ञात बदमाश ने उनकी सीट के पास रखा बैग पार कर दिया। बैग में शासकीय टैबलेट, ईएफटी रसीद बुक और अन्य दस्तावेज मौजूद थे। बैग गायब देख टीटीई ने आसपास यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अनूपपुर स्टेशन पहुंचकर जीआरपी चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों में थी चिंता

टीटीई की शिकायत पर जीआरपी अनूपपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। ड्यूटी के दौरान हुई इस वारदात से रेल कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पी.एस. कुलस्ते के नेतृत्व में पुलिस और आरपीएफ की टास्क टीम ने स्टेशन व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की निगरानी शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया शातिर बदमाश

लगातार तलाश के बीच 8 सितंबर को जीआरपी को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सुरेंद्र बंसल (26) पिता मोहन बंसल, निवासी लालपुर (थाना मनेन्द्रगढ़, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़) को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी गया शासकीय टैबलेट और ईएफटी रसीद बुक समेत कुल ₹15,000 का सामान बरामद कर लिया गया है।

जीआरपी के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अंतरराज्यीय बदमाश है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुीत किया जहां से जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में जीआरपी चौकी प्रभारी पी.एस. कुलस्ते, महिला आरक्षक प्रीति विश्वकर्मा और आरपीएफ टास्क टीम की सराहनीय भूमिका रही।