Rajasthan

धौलपुर जिले की बाडी,बसेडी और सरमथुरा में मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न

धौलपुर, 11 सितंबर । नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में धौलपुर जिले की तीन शहरी निकायों नगर पालिका बाडी, बसेडी एवं सरमथुरा में शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। नगर निकाय चुनाव में सांयकाल 6 बजे तक तीनों नगर निकायों में औसत रुप से करीब 82 प्रतिशत मतदान हुआ।

नगर निकाय चुनाव के मीडिया प्रकोष्ठ से मिली जानकारी के मुताबिक नगर पालिका बाड़ी के कुल 44 वार्ड में 82.04 प्रतिशत मतदानहुआ। इसी प्रकार नगर पालिका बसेड़ी में कुल 24 वार्ड में 83.21 प्रतिशत तथा नगर पालिका सरमथुरा के कुल 24 वार्ड में 80.93 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए तथा जोनल व एरिया मजिस्ट्रेटों अपने अपने क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए भ्रमणशील रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान एवं चुनाव पर्यवेक्षक अरूण प्रकाश शर्मा ने नगर पालिका बाडी, बसेडी एवं सरमथुरा इलाके में मतदान केन्द्रों की स्थिति का जायजा लिया। मतदान की शुरूआत में गति धीमी रही,लेकिन दिन चढने के साथ ही मतदान में तेजी आई। प्राप्त जानकारी के मुताबिकसुबह 10 बजे तक नगर पालिका बाड़ी में 27.39 प्रतिशत,नगर पालिका बसेड़ी में 31.51 प्रतिशत तथा नगर पालिका सरमथुरा में 39.33 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। दोपहर एक बजे तक नगर पालिका बाड़ी में 55.31 प्रतिशत, नगर पालिका बसेड़ी में 60.36 प्रतिशत तथा नगर पालिका सरमथुरा में 63.94 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार अपहरान्ह 3 बजे तक नगर पालिका बाड़ी में 68.94 प्रतिशत, नगर पालिका बसेड़ी में 75.79 प्रतिशत तथा नगर पालिका सरमथुरा में 74.82 प्रतिशत मतदान हुआ।