गणेश चतुर्थी पर मोती डूंगरी के आसपास बदलेगी यातायात व्यवस्था
जयपुर, 12 सितंबर । गणेश चतुर्थी और मोती डूंगरी गणेश मंदिर मेले को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं को जाम से राहत और पार्किंग की जानकारी देने के लिए पहली बार विशेष क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसे स्कैन कर निकटतम पार्किंग, यातायात डायवर्जन और लाइव ट्रैफिक की जानकारी ली जा सकेगी।
पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने श्रद्धालुओं से राजस्थान विश्वविद्यालय और रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है।
त्रिमूर्ति सर्किल से जेडीए चौराहा तक,आरबीआई तिराहा से गणेश मंदिर के बीच तख्तेशाही रोड और धर्म सिंह सर्किल से गणेश मंदिर तक नो-व्हीकल जोन रहेंगे।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि शांति पथ से आने वाला यातायात जेडीए चौराहा स्लिप लेन से जेएलएन मार्ग और गांधी सर्किल की ओर भेजा जाएगा। मालवीय नगर से आने वाले वाहनों को गांधी सर्किल से गांधी नगर मोड़ और रॉयल्टी तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जनता स्टोर से यूनिवर्सिटी की ओर यातायात नहीं आ सकेगा। गोपालपुरा से अजमेरी गेट जाने वाले वाहनों को लक्ष्मीमंदिर तिराहा से सहकार मार्ग की ओर भेजा जाएगा। रामबाग से जेडीए चौराहा जाने वाला यातायात टोंक रोड की ओर डायवर्ट रहेगा।
यातायात दबाव बढ़ने पर टीला नंबर-7 से जवाहर नगर बाईपास, पोलो सर्किल से स्टैच्यू सर्किल व 22 गोदाम, पृथ्वीराज टी-पॉइंट से पृथ्वीराज रोड और त्रिमूर्ति सर्किल से गोविंद मार्ग की ओर भी डायवर्जन किया जाएगा।
इसके अलावा रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग में 1500 चार पहिया और 1000 दोपहिया, सुबोध स्कूल गेट नंबर-5 अंडरग्राउंड में 400 चार पहिया और 200 दोपहिया, महाराजा कॉलेज ग्राउंड में 200-200 तथा राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में 600 से अधिक चार पहिया और 1000 दोपहिया वाहनों की व्यवस्था रहेगी। सेंट्रल पार्क के गेट नंबर 3, 4 और लिलिपूल के पास भी पार्किंग रहेगी।
साथ ही सुबोध कॉलेज टोंक रोड, पटेल रोड सर्विस लेन, आरोग्य पथ सर्विस लेन और धर्मसिंह सर्किल से मोतीडूंगरी रोड सर्विस लेन पर भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
वहीं आरोग्य पथ से गांधी सर्किल (जेएलएन मार्ग), पृथ्वीराज टी-पॉइंट से रामबाग चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल से राजापार्क चौराहा (गोविंद मार्ग) और जेडीए चौराहा से तुलसी सर्किल (शांति पथ) पर वाहन खड़ा करने पर क्रेन से हटाया जाएगा।
साथ ही गोपालपुरा से आने वाली सिटी और मिनी बसें लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग होकर चलेंगी। दिल्ली मार्ग की रोडवेज और स्लीपर बसें सिंधी कैंप से चौमू तिराहा, सीकर रोड और रोड नंबर-14 पुलिया होते हुए एक्सप्रेस-वे से संचालित होंगी। आगरा रोड की रोडवेज बसें रोटरी सर्किल और निजी व स्लीपर बसें ट्रांसपोर्ट नगर से संचालित होंगी।
पार्किंग स्थलों से मंदिर तक पहुंचने के लिए जेसीटीएसएल बस सेवा और मंदिर प्रशासन की ओर से नि:शुल्क ई-रिक्शा उपलब्ध रहेंगे। मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा से चारदीवारी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को जेएलएन मार्ग के बजाय टोंक रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एम्बुलेंस और अन्य अतिआवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही निर्बाध रहेगी।

