UP

गंगा का जलस्तर घटा, चेतावनी निशान से नीचे आया

कानपुर, 15 सितंबर । कानपुर में गंगा का जलस्तर मंगलवार को तेजी से घटा। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.460 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 114.030 मीटर दर्ज किया गया। सोमवार की तुलना में अपस्ट्रीम में 21 सेंटीमीटर और डाउनस्ट्रीम में 25 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। इससे बाढ़ की स्थिति में कुछ राहत के संकेत मिले हैं।

बैराज पर सोमवार को अपस्ट्रीम जलस्तर 114.670 और डाउनस्ट्रीम 114.280 मीटर था। मंगलवार को इसमें कमी के साथ पानी का डिस्चार्ज भी घटकर 3,88,296 क्यूसेक रह गया। सोमवार को बैराज से 4,12,548 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था। खतरे का निशान 115 मीटर और उस स्तर पर निर्धारित डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक है।

शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर घटकर 112.890 मीटर पहुंच गया। सोमवार को यहां जलस्तर 113.050 मीटर था। इस तरह करीब 16 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। शुक्लागंज में चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर निर्धारित है।

हरिद्वार बैराज से मंगलवार को 69,188 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 62,398 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जलस्तर में कमी के बावजूद प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।

वहीं गंगा बैराज में गेज मीटर मापने वाले कर्मचारी उत्तम पाल ने बताया कि जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को बैराज के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम दोनों तरफ जलस्तर में गिरावट रही। उनके मुताबिक फिलहाल स्थिति सामान्य है और जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।