Haryana

फतेहाबाद में मकान पर गिरी आसमानी बिजली, मलबे में दबने से बुजुर्ग महिला की मौत

फ़तेहाबाद, 17 सितंबर । जिले के गांव खजूरी जाटी में तेज बारिश के दौरान एक मकान पर आसमानी बिजली गिर गई। इससे कमरे की छत ढह गई और मलबे में दबकर 58 साल की बुजुर्ग महिला नन्हीं देवी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आसमानी बिजली सीधे नन्हीं देवी के कमरे पर गिरी थी। धमाका इतना तेज था कि कमरे की आधी छत टूटकर नीचे आ गई। नन्हीं देवी उस समय कमरे में सो रही थीं और मलबे में दब गईं। हादसे के वक्त परिवार के दूसरे सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

करीब 15 मिनट बाद कमरे का दरवाजा खोला गया। अंदर नन्हीं देवी की चारपाई मलबे में फंसी हुई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत नन्हीं देवी को मलबे से बाहर निकाला और फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया है। मृतका के दो शादीशुदा बेटे हैं। उनके बेटे रणजीत ने बताया कि यह घटना देर रात करीब तीन बजे हुई। गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।