एसबीआई के सामने दिनदहाड़े गोली चलने से सनसनी
बिजनौर,22 सितम्बर । जनपद बिजनौर के किरतपुर नगर में सोमवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज से सनसनी फैल गई। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार बताए जा रहे थे, जबकि दो युवक पैदल थे। इसी दौरान एक कार की ओर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोटरसाइकिल और कार को लेकर भी मौके पर चर्चाएं होती रहीं।
सूचना मिलते ही नजीबाबाद क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार को मामले की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मौके पर गोली चली थी। घटनास्थल के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी पर खून जैसे धब्बे और गोली लगने के निशान दिखाई देने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन धब्बों और निशानों की भी जांच कर रही है।
केशव की मां के अनुसार, उसके बेटे को किसी परिचित ने फोन कर किरतपुर बुलाया था। इसके बाद बैंक के सामने हुई घटना को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

