UP

आजाद समाज पार्टी ने अपनी मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

जौनपुर, 24 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को सात सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन पार्टी के संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत किया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। इसके बावजूद एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाओं सहित वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में पर्याप्त भागीदारी नहीं मिल पा रही है। कार्यकर्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने और उनकी वास्तविक जनसंख्या का वैज्ञानिक एवं पारदर्शी आकलन कराने की मांग भी रखी।