भाजपा की बूथ सशक्तीकरण बैठकों में संगठन मजबूत करने पर जोर
देहरादून, 05 अक्टूबर । भाजपा देहरादून महानगर की ओर से सोमवार को कैंट, राजपुर और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सशक्तीकरण को लेकर बैठकें आयोजित की गईं। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा का कार्यकर्ताओं से परिचय कराया गया और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इस मौके पर फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आगामी समय में बूथों के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन चुनावी तैयारियों को भी मजबूती प्रदान करता है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा स्तर पर संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने फणींद्रनाथ शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि उनके संगठनात्मक अनुभव से प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि शर्मा इससे पहले हरियाणा में प्रदेश महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
बैठकों में महानगर प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, कैंट विधायक सविता कपूर, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, विजेंद्र थपलियाल, संदीप मुखर्जी, सुनील शर्मा, राजेश कंबोज, संकेत नौटियाल, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, मंडल अध्यक्ष सुमित पांडे, आशीष शर्मा, राहुल चौहान, पंकज शर्मा, राहुल लारा और पूनम शर्मा सहित पार्षद, शक्ति केंद्र संयोजक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


