MP

सीहोर में रिहायशी इलाके के नजदीक दिखा बाघ, खेत में मिले पगचिह्न, वन विभाग ने बढ़ाई सर्चिंग

सीहोर, 06 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के सीहाेर शहर के रिहायशी इलाके के नजदीक मंगलवार सुबह बाघ की मौजूदगी की सूचना से हड़कंप मच गया। अवधपुरी पानी की टंकी के पास स्थानीय लोगों ने बाघ को देखने की बात कही। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के खेतों, झाड़ियों और खाली इलाकों में सर्चिंग शुरू कर दी।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार, सुबह पानी की टंकी के पास बाघ नजर आया था। वनकर्मियों ने आसपास के क्षेत्र की जांच की तो स्थानीय ग्रामीण सुनेर भाई के खेत में बाघ के पगचिह्न और बैठने के निशान मिले। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त और कॉम्बिंग बढ़ा दी है।

वन विभाग की टीम खेतों और झाड़ियों में लगातार बाघ की तलाश कर रही है। वनकर्मी जरूरी उपकरणों के साथ संभावित मूवमेंट वाले क्षेत्रों की जांच कर रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि बाघ की लोकेशन का पता लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से दूर किया जा सके। बाघ की गतिविधि को देखते हुए आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे खेतों और सुनसान इलाकों में अकेले न जाएं, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और बाघ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या भीड़ लगाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

सीहोर और आसपास के वन क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आने की सूचनाएं मिल रही हैं। इछावर मार्ग से लगे जंगलों के आसपास भी बाघ की आवाजाही की जानकारी सामने आई थी। वहीं, रातापानी अभयारण्य से सटे बुधनी और शाहगंज क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले चार-पांच दिनों से बाघ और तेंदुए के मूवमेंट की सूचनाएं मिल रही हैं। वन विभाग के अनुसार, जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में कई बार वन्यजीव भोजन या अन्य कारणों से आबादी के नजदीक पहुंच जाते हैं। फिलहाल अवधपुरी और आसपास के क्षेत्र में निगरानी, गश्त और सर्चिंग बढ़ाई गई है।