इलाहाबाद विश्वविद्यालय में महिला फुटबॉल और क्रॉस कंट्री टीम के चयन-ट्रायल नौ अक्टूबर को
प्रयागराज, 07 अक्टूबर । इलाहाबाद विश्वविद्यालय की महिला फुटबॉल तथा पुरुष एवं महिला क्रॉस कंट्री टीम के चयन और ट्रायल के लिए पंजीकरण नौ अक्टूबर को होगा। इच्छुक विद्यार्थी खेल बोर्ड कार्यालय में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक पंजीकरण करा सकेंगे। चयन-ट्रायल के लिए विश्वविद्यालय एवं उसके संबद्ध महाविद्यालयों के नियमित विद्यार्थियों को अपना पहचान पत्र और सत्र 2026-27 की शुल्क रसीद साथ लाना अनिवार्य होगा। यह जानकारी बुधवार को विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. अमित सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के खेल बोर्ड की ओर से सात अक्टूबर को जारी सूचना के अनुसार, अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं के लिए महिला फुटबॉल टीम तथा पुरुष एवं महिला क्रॉस कंट्री टीम के चयन और ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक विद्यार्थियों का पंजीकरण नौ अक्टूबर को खेल बोर्ड कार्यालय में किया जाएगा।
खेल बोर्ड के अनुसार पंजीकरण के समय विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का वैध पहचान पत्र और शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुल्क रसीद प्रस्तुत करनी होगी। केवल विश्वविद्यालय और उसके संबद्ध महाविद्यालयों के नियमित विद्यार्थी ही चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभाओं को अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न खेलों की टीमों का चयन किया जा रहा है। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर पंजीकरण कराएं, ताकि चयन प्रक्रिया में उन्हें शामिल किया जा सके। खेल बोर्ड के टीम चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह की ओर से जारी सूचना में विद्यार्थियों से समय पर उपस्थित होकर पंजीकरण कराने की अपील की गई है।


