Delhi

नेपाल : महिला को अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सांसद खगेन्द्र सुनार के खिलाफ जांच शुरू

काठमांडू, 14 अक्टूबर । नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसद खगेन्द्र सुनार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और उसे जान से मारने की धमकी देने से संबंधित ऑडियो सार्वजनिक होने के बाद उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

बांके से निर्वाचित संघीय सांसद खगेन्द्र सुनार द्वारा कथित तौर पर आपराधिक अपराध की श्रेणी में आने वाली धमकी दिए जाने के बाद आरएसपी ने आंतरिक जांच शुरू की है। इतना ही नहीं सांसद सुनार पर किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में सहभागी होने पर पार्टी ने प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, सरकार की ओर से अब तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पार्टी के महामंत्री विपिन कुमार आचार्य ने बुधवार सुबह जारी एक बयान में कहा कि सार्वजनिक हुए इन मामलों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हमें विश्वास है कि राज्य के संबंधित निकाय तत्काल स्वतंत्र, निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच करेंगे। उनहोने बताया कि इस मामले में सरकार में शामिल पदाधिकारियों के साथ अनौपचारिक रूप से बातचीत चल रही है।

यह ऑडियो को एक स्थानीय मीडिया ने सार्वजनिक किया था। ऑडियो में कथित तौर पर एक महिला के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए समय पर पैसे नहीं देने पर जान से मारने तक की धमकी दी गई है। सुनार सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के केंद्रीय सदस्य भी हैं।