UP

हिमगिरि एक्सप्रेस (13042) में फर्जी पुलिस पहचान पत्र के साथ पकड़ा रेलयात्री

मुरादाबाद, 17 अक्टूबर । हिमगिरि एक्सप्रेस (13042) में शुक्रवार रात में टिकट चेकिंग के दौरान टीटीआई रवि मीणा ने एक ऐसे यात्री को दबोचा, जो किसी अन्य व्यक्ति के पहचान पत्र का उपयोग करके पुलिसकर्मी होने का दावा करते हुए यात्रा कर रहा था। आरोपित को मुरादाबाद राजकीय रेलवे पुलिस ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उतार लिया।

जीआरपी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार वशिष्ठ ने बताया कि पकड़े गए आरोपित के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। आज (शनिवार) आरोपित को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति की पहचान अंकित कुमार निवासी हरदोई के रूप में हुई। जाँच में पता चला कि वह कुलदीप कुमार के पहचान पत्र का इस्तेमाल करके ट्रेन में बिना वैध टिकट के यात्रा कर रहा था। जब उसे लगा कि वह पकड़ा जा सकता है, तो उसने उक्त पहचान पत्र को तोड़कर ट्रेन से बाहर फेंक दिया। बाद में आरपीएफ/जीआरपी के सहयोग से उक्त व्यक्ति का लगभग 900 रुपये का टिकट बनाया गया।